मूंगदाल पालक का फूला फूला चीला

 मूंगदाल पालक का फूला फूला चीला । Moong Dal Cheela with Spinach I Moong Dal Puffy Cheela


स्वाद और सेहत से भरपूर पालक मूंगदाल का फूला फूला चीला, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को भाए, हल्की फुल्की भूख में सब झटपट चट कर जाएं.


आवश्यक सामग्री - Ingredients for Moong Dal Puffy Cheela


मूंग दाल - 1 कप (180 ग्राम)


पालक-2 कप (200 ग्राम)


हरी मिर्च -4


अदरक - ½ x1 इंच टुकड़ा


दही- ½ कप


तेल - 2 टेबल स्पून


ईनो फ्रूट सॉल्ट - ½ छोटी चम्मच


नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार


विधि -


मूंग दाल को अच्छे से धोकर साफ पानी में 2 घंटो के लिये पानी में भिगोकर रख दीजिए. भीगी हुई दाल में से अतिरिक्त पानी हटाकर मिक्सर जार में डाल दीजिए, साथ में दही और 4 हरी मिर्च काट कर मिक्सर जार में डाल दीजिए और अदरक के टुकड़े को भी मोटा मोटा काटकर डाल दीजिए. सभी चीजों को मिक्सर में पीस लीजिये. दरदरी पिसी हुई दाल को एक बड़े कटोरे में डालकर निकाल लीजिए.


पालक की डंडियाँ तोड़ कर हटा दीजिये, पत्तों को अच्छी तरह धोकर पानी सूखने तक सूखा लीजिए.पालक के पत्तों को बारीक काटकर ले लीजिए और इन्हें दाल के पेस्ट में डाल दीजिए और साथ में 1 छोटी चम्मच नमक डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.

सभी चीजों के अच्छे से मिल जाने के बाद इसमें छोटी चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट डाल कर मिला दीजिए. बैटर के अधिक गाढा होने पर इसमें 2 टेबल स्पून पानी डालकर मिक्स कर लीजिए (बैटर की कंसिस्टेंसी पकोड़े के बैटर जैसी होनी चाहिए). चीले बनाने के लिए मिश्रण तैयार है


चीला बनाने के लिए नॉनस्टिक तवा गर्म कीजिए और थोड़ा सा तेल तवे पर लगा दीजिए जिससे कि चीला तवे पर ना चिपके. तवे के हल्का सा गरम होने पर इस पर लगा अतिरिक्त तेल हटा दीजिए और गैस मध्यम कर दीजिए. अब 2 चमचा बैटर तवे पर डालकर चीले को चमचे से गोल करते हुए थोड़ा सा मोटा चीला फैलाइये, चीला के चारों ओर चम्मच से थोड़ा थोड़ा तेल डालिये, और थोड़ा सा तेल चीले के ऊपर भी डाल दीजिये.


चीले को ढककर मीडियम गैस पर पकने दीजिए. 4 मिनिट बाद चीले को चैक कीजिए, चीला नीचे से सिक चुका है, तो इसे पलट दीजिए और अब चीले को बिना ढके दूसरी ओर से भी हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिये. चीले के दोनों ओर से सिकने के बाद, इसे उतारकर प्लेट पर रखी प्याली पर रख दीजिए और चीले के हल्का सा ठंडा हो जाने पर इसे प्लेट पर रख दीजिए. सारे चीले इसी प्रकार सेककर तैयार कर लीजिये. 1 चीला को सिकने में 7 से 8 मिनिट का समय लग जाता है और इतने बैटर में 5 से 6 चीले बनकर तैयार हो जाते हैं.


स्वादिष्ट मूंगदाल पालक के चीले बनकर तैयार है. चीलों को आप टमैटो सॉस, हरे धनिये की चटनी, या अपनी किसी भी मनपसंद चटनी के साथ परोस सकते हैं.


सुझाव


चीले का बैटर न बहुत अधिक पतला होना चाहिए और न ही बहुत अधिक गाढा.

बनाने के लिए नॉन स्टिक पैन का उपयोग अच्छा रहता है. लेकिन अगर आप सादा चीला तवा उपयोग में ला रहे हैं तो तवे पर अच्छे से तेल डालकर गरम कीजिए. 

इसके बाद गैस को एकदम धीमा कर दीजिए और तवे को ठंडा होने दीजिए और तवे पर से अतिरिक्त तेल पौंछ दीजिए. 

एक आलू को आधा करते हुए काटकर तवे पर घिस दीजिए, पैन जब हल्का गरम हो जाए तब उस पर बैटर डाल कर चीला बना लीजिए.




Comments

Popular posts from this blog

तंदूरी राेटी

मसाला पनीर रेसिपी

साबूदाना की रसीली खिचड़ी व क्रिस्पी परांठा