कच्चे केले से आप कौन-कौन से व्यंजन बनाते हैं?
कच्चे केले से आप कौन-कौन से व्यंजन बनाते हैं? क्या किसी एक व्यंजन की रेसिपि साझा कर सकते हैं?
कच्चे केले के कई तरह के व्यंजन बनाए जाते हैं।
हमारे घर में बनने वाले सभी अधिक व्यंजन तीन तरह के होते हैं।
कच्चे केले की क्रिस्पी भुजिया :-
कच्चे केले के छिलके को छीलकर उसे छोटे टुकड़ों में गोल गोल काटकर साफ कर लेना है।
कड़ाही में तेल डालकर लाल होने तक भूनना है। लाल हो जाने पर नमक, हल्दी मिर्च और धनिया पाउडर डालकर उसे मिक्स करना है।
गैस बंद करने के पहले उसपर चाट मसाला पाउडर बंद कर दें। चटपटी भुजिया तैयार है।
केला का कोफ्ता :-
इसकी विधि लिख रही हूँ।
यह डिश तो लगभग हर घर मे बनता होगा, अलग अलग तरीकों से !
चार कच्चे केले को छीलकर उबाल कर पका लेना है। उसे ठंढा करके उसे मैश कर लेना है। अब उसमें तीन से चार बड़ा चम्मच भुना हुआ बेसन मिलाना है।
बारीक कटे हुए लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, कटी हुई धनिया पत्ती, नमक, एक कटी हुई बारीक प्याज, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर, आमचूर और काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लेना है।
अंत में एक चम्मच शुद्ध घी डाल कर मिलाना है। इससे कोफ्ते सॉफ्ट बनेंगे।
अब छोटे छोटे गोल लोईए जैसे गोल बोल बनाकर रख लें।
तेल गरम करके अच्छी तरह ब्राउन होने तक तल लें।
कड़ाही में तेल बचता है तो उसे उपयोग में लाया जा सकता है।
मिक्सी में दो बड़े प्याज का पेस्ट बनाना है।
कड़ाही में तेल पर्याप्त है तो उसी तेल में हींग, तेज पत्ता, सौंफ और जीरे का तड़का डालना है। पहले प्याज का पेस्ट डालकर ब्राऊन होने तक पकाना है।
तीन बड़े टमाटर, अदरक, पाँच से छ कली लहसुन, एक बड़ी इलायची और दो छोटी इलायची, डालकर पीस कर पेस्ट तैयार कर लेना है।
फिर सभी मसाले डालकर तेल छोड़ने तक भूनना है। मसाले में सादे नमक के साथ ही दो चुटकी काला नमक भी अनुपात से डालें। बाकी हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला पाउडर, एक चम्मच कसूरी मेथी पाउडर डालकर सभी को अच्छी तरह मिलाकर भून लेना है।
तेल छोड़ने के बाद उसमें इतना पानी डालना है कि कोफ्ते सब रस में डूब जाएँ, इस अंदाज से पानी डालना है।
मसाला खौल जाने के बाद उसमें कोफ्ते में जगह जगह होल बनाकर ( चाकू की नोक से) रस में डालना है।
ढक्कन बंद करके दो से तीन मिनट पकाकर गैस बंद दें। बाऊल में कोफ्ते निकालकर उसमें ऊपर से कटी हुई हरी धनिया की पत्ती डालकर परोसें।
स्वादिष्ट कोफ्ते तैयार हैं।
एक और डिश जो हमारे घर अक्सर बनती है, वो है!
केले के छिलके की स्वादिष्ट चटनी :-
केले के छिलके जब छील लेने के बाद बच जाएँ तो उसकी चटनी बहुत ही स्वादिष्ट बनती है।
उसकी भी रेसिपि लिख रही हूँ।
दो केले के छिलके को पानी में पंद्रह मिनट तक उबाल लें। सारा पानी निकाल दें।
मिक्सी में केले के छिलके डालकर, सात से आठ कली लहसुन, एक हरी मिर्च, थोड़ी सी कटी हुई हरी धनिया पत्ती, स्वाद के अनुसार नमक और थोड़ा सा पानी डालकर बारीक पीस लें। एक बोल में निकालकर उसमें एक चम्मच सरसों का तेल डालकर मिला लें।
बस ! मुँह में पानी आ गया। चटपटी चटनी तैयार है। चावल के साथ खाने का अलग ही आनंद है।


Comments
Post a Comment